4 महीने में 33 प्रतिशत महंगा हुआ विमान ईंधन

Friday, Jul 01, 2016 - 11:16 AM (IST)

नई दिल्लीः देश में विमान ईंधन 4 महीने में 33 फीसदी महंगा हो गया है। तेल विपणन कम्पनियों ने 01 मार्च से 01 जुलाई के बीच लगातार पांचवीं बार इनकी कीमतों में इजाफा किया है। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कम्पनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आई.ओ.सी.एल.) ने आज बताया कि बीती आधी रात से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विमान ईंधन के दाम 2,557.70 रुपए प्रति किलो लीटर बढ़ाकर 49,287.18 रुपए प्रति किलो लीटर कर दिए गए हैं।

पहले यह 46,287.18 रुपए प्रति किलो लीटर था। इस साल फरवरी तक दिल्ली में विमान ईंधन की कीमत 35,126.82 रुपए प्रति किलो लीटर थी। इस प्रकार 01 मार्च से 01 जुलाई के बीच 4 महीने में 33.03 प्रतिशत या 11,602.66 रुपए महंगा हो चुका है।   

 

हालांकि विमान ईंधन के अलावा अन्य पैट्रोलियम उत्पादों के दाम आज से कम किए गए हैं। बिना सबसिडी वाला रसोई गैस सिलैंडर आज से (दिल्ली में) 11 रुपए सस्ता हो गया है। पैट्रोल के दाम 89 पैसे तथा डीजल के 49 पैसे प्रति लीटर घटाए गए हैं।

Advertising