माल्या को वापस लाने का पूरा प्रयास कर रही हैं जांच एजेंसियां: जेतली

Wednesday, Apr 19, 2017 - 05:15 PM (IST)

नई दिल्लीः वित्त मंत्री अरुण जेतली ने आज कहा कि जांच एजेंसियां विवादास्पद उद्योगपति विजय माल्या के प्रत्यर्पण के लिए अपनी आेर से सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रही हैं। माल्या को कल लंदन में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सरकार और सभी जांच एजेंसियां अपनी आेर से सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रही हैं। एजेंसियों का मानना है कि कुछ अपराध किया गया है जिसके लिए माल्या को भारत लाने की जरूरत है।’’   

उन्होंने कहा कि माल्या के प्रत्यर्पण (वापस लाने) के लिए कानूनी प्रकिया ब्रिटेन में की जानी है। ‘‘यह काम उस देश की न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है। न्यायिक प्रक्रिया में कुछ निश्चित बातों पर ध्यान रखा जाता है।’’ भारतीय अदालतों ने माल्या को वांछित अपराधी घोषित किया हुआ है। धोखाधड़ी के आरोपों में भारत के आग्रह पर माल्या को कल स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि, कुछ घंटे बाद ही उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया है। उन्हें अब 17 मई को वेस्टमिंस्टर के मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश होना है।  
 

Advertising