भारत-अमेरिका ट्रेड वॉर का असर पड़ेगा सेब, बादाम और अखरोट पर

Sunday, Jun 24, 2018 - 02:19 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः अमेरिका ने स्टील और एल्युमिनियम पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का फैसला किया था। भारत ने इसके जवाब में कुछ उत्पादों के आयात शुल्क बढ़ाने का फैसला किया। इनमें से 28 उत्पादों पर यह बढ़ोतरी तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी, जबकि आर्टेमिया (एक प्रकार का झींगा) पर वृद्धि 4 अगस्त से प्रभावी होगी। नतीजतन सेब, बादाम और अखरोट जैसे फल व मेवे महंगे हो जाएंगे। भारत ने सेब, बादाम, अखरोट, छोले जैसे कृषि उत्पादों पर इंपोर्ट ड्यूटी 20 से 90 फीसदी तक बढ़ा दी है। 

उल्लेखनीय है कि भारत ने पिछले हफ्ते ही विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) को उन 30 उत्पादों की सूची सौंपी थी जिन पर वह 50 फीसदी तक शुल्क बढ़ सकता है। 

बता दें कि पहले बादाम पर प्रति किलो 35 रुपए इंपोर्ट ड्यूटी थी, जो अब बढ़कर 42 रुपए प्रति किलो कर दी गई है। वहीं, छिले हुए बादाम पर इंपोर्ट ड्यूटी 100 से 120 रुपए प्रति किलो बढ़ाई गई है, जबकि सेब पर अब 75 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी लगेगी, जो पहले 50 फीसदी थी। इस कड़ी में अखरोट पर लगने वाले ड्यूटी में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है। इसे 30 फीसदी से बढ़ाकर 120 प्रतिशत कर दिया गया है। 

इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद अब खाने-पीने की ये चीजें भारत में महंगी मिलेंगी। सरकार से इस कदम से व्यापारी चिंतित हैं। उनका कहना है कि इस फैसले का सबसे ज़्यादा असर बादाम पर पड़ेगा क्योंकि भारत बादाम का सबसे बड़ा आयातक देश है। यहां कुल खपत का 80 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका से आयात किया जाता है।

वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार मटर, चना, मसूर पर आयात शुल्क 70 फीसदी कर दिया गया है। यह पहले 30 फीसदी था। दालों पर आयात शुल्क 30 से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है। हालांकि अमेरिका से आयात होने वाली 800 सीसी की बाइक पर शुल्क में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है। 

jyoti choudhary

Advertising