मोबाइल डेटा भारत में सबसे सस्ता: 1GB डेटा कीमत महज 18.5 रुपए, वैश्विक औसत 600 रु.

Wednesday, Mar 06, 2019 - 06:17 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः ब्रिटेन में एक ताजा अध्ययन में खुलासा किया गया कि दुनिया में सबसे सस्ते डाटा प्लान का लाभ भारतीय उठा रहे हैं। वहीं रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका और ब्रिटेन अपने उपभोक्ताओं को सबसे महंगा डाटा पैक दे रहे हैं। कीमतों में तुलना करने वाली वेबसाइट cable.co.uk ने पाया कि भारत में एक गीगाबाइट (जीबी) डाटा की कीमत 0.26 डॉलर है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय ग्राहकों को 1 जीबी मोबाइल इंटरनेट डेटा के लिए औसतन 0.26 डॉलर (करीब 18.35 रुपए) चुकाने होते हैं। दूसरे नंबर पर किर्गिस्तान है जहां इतने ही डेटा की कीमत 19.05 रुपए (0.27 डॉलर) है।

1 जीबी डेटा की औसत वैश्विक कीमत 602 रुपए
इस रिसर्च में 230 देशों के मोबाइल डेटा की कीमतों की तुलना की गई थी। वैश्विक रूप से 1 जीबी डेटा के लिए लोगों को औसतन 8.53 डॉलर (करीब 602 रुपए) खर्च करने होते हैं। यह भारतीय औसत रेट से लगभग 33 गुना ज्यादा है। रिपोर्ट सभी देशों में अक्टूबर-नवंबर 2018 की कीमतों के आधार पर तय की गई हैं। भारत में लिया गया सैम्पल डेटा 9 नवंबर का है। इस दौरान यहां 1 जीबी डेटा की सबसे कम कीमत 0.02 डॉलर (करीब 1.41 रुपए) जबकि, सबसे महंगे डेटा की कीमत 1.4 डॉलर (करीब 99 रुपए) पाई गई।

श्रीलंका, भूटान, म्यांमार से भी पीछे पाकिस्तान
रिसर्च के मुताबिक, सबसे कम कीमत में 1 जीबी डेटा अवेलेबल कराने वाले शीर्ष 20 देशों में 11 एशिया महाद्वीप से हैं। टॉप 20 देशों में श्रीलंका (7वें), मंगोलिया (8वें), म्यांमार (9वें), इजराइल (11वें), बांग्लादेश (13वें), मलेशिया (15वें), इंडोनेशिया (17वें), भूटान (18वें), ईरान (19वें) और वियतनाम (20वें) नबंर पर हैं। पाकिस्तान में यूजर्स को 1 जीबी डेटा के लिए 1.85 डॉलर (करीब 131 रुपए) खर्च करने पड़ते हैं। यह 33वें नंबर पर है। वहीं चीन में 1 जीबी डेटा की औसत कीमत 9.89 डॉलर (करीब 698 रुपए) है। यह रेट भारत की तुनला में 38 फीसदी ज्यादा है।

जिम्बांबे में सबसे महंगा डेटा
रिसर्च के मुताबिक, दुनिया में सबसे महंगा मोबाइल डेटा अफ्रीकी देश जिम्बांबे में हैं। यहां 1 जीबी डेटा के लिए ग्राहकों को औसतन 75.20 डॉलर (करीब 5,307 रुपए) का भुगतान करना होता है। इसके बाद सेंट्रल अफ्रीकी देश इक्वेटोरियल गुएना का नंबर आता है। यहां 1 जीबी इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को 65.83 डॉलर (करीब 4645 रुपए) खर्च करने होते हैं। वहीं रवांडा ($0.56), सूडान ($0.68) और डेमोक्रेट्रिक रिपब्लिक ऑफ कांगो ($0.88) जैसे अफ्रीकी देशों में 1 जीबी डेटा की कीमत 1 डॉलर (करीब 71 रुपए) से कम है।

ब्रिटेन में 470 रुपए का 1 जीबी डेटा
वहीं, अमेरिका में 1 जीबी मोबाइल डेटा के लिए यूजर्स को 12.37 डॉलर (करीब 873 रुपए) खर्च करने पड़े। रिसर्च के मुताबिक, यूरोपीय देशों में सबसे सस्ता डेटा फिनलैंड में था। वहां यूजर्स के लिए 1 जीबी डेटा औसतन 1.16 डॉलर (करीब 82 रुपए) का पड़ता है। पोलैंड में इतने ही डेटा के लिए यूजर्स को 1.32 डॉलर (करीब 93 रुपए) खर्च करने पड़े। इसके अलावा डेनमार्क, मोनाको, रोमानिया और इटली में भी 1 जीबी डेटा की औसत कीमत 2 डॉलर (करीब 141 रुपए) से कम थी। ब्रिटेन में 1 जीबी डेटा की औसतन कीमत 6.66 डॉलर (करीब 470 रुपए) थी।

jyoti choudhary

Advertising