निर्यात के मामले में भारत ने चीन को पछाड़ा, 5.72% का इजाफा

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2017 - 12:25 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए निर्यात के मामले में बहुत अच्छी खबर है। दिसंबर में लगातार चौथे महीने निर्यात में 5.72% की बढ़ौतरी हुई है। भारत का कुल निर्यात 23.9 अरब डॉलर यानि करीब 1,63,031 करोड़ रुपए रहा। आयात भी 0.46 पर्सेंट के मामूली इजाफे के साथ 34.25 अरब डॉलर यानि करीब 2 लाख 33 हजार करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया। इस तरह भारत का कुल व्यापार घाटा 10.36 अरब डॉलर रहा। पिछले साल दिसंबर महीने में ही भारत का कुल निर्यात 22.6 अरब डॉलर था।

कॉमर्स ऐंड इंडस्ट्री मिनिस्ट्री की ओर से जारी किए गए डाटा के मुताबिक दिसंबर महीने में भारत ने कुल 7.645 अरब डॉलर का तेल आयात किया। 2015 दिसंबर के मुकाबले यह 14.61 पर्सेंट अधिक था। भारत का गैर-तेल आयात करीब 26.60 अरब अमरीकी डॉलर रहा। पिछले साल दिसंबर के मुकाबले यह करीब 3 पर्सेंट कम था।

2016 में अप्रैल से दिसंबर के दौरान एक्सपोर्ट में 0.75 पर्सेंट का मामूली इजाफा हुआ। हालांकि आयात में 7.42 पर्सेंट की बड़ी गिरावट आई है। इस अवधि में भारत के व्यापार घाटे में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इन 9 महीनों के दौरान व्यापार घाटा 76.54 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 100 अरब डॉलर था।

गौरतलब है कि 2016 में चीन के एक्सपोर्ट में 7.7 पर्सेंट की बड़ी गिरावट हुई है, जबकि आयात भी 5.5 प्रतिशत कम हुआ है। चीन के निर्यात में यह लगातार दूसरे साल गिरावट है। 2009 में आर्थिक मंदी के दौरान आई गिरावट के बाद यह दूसरा मौका है, जब चीन की इकॉनमी को इतने बड़े झटके का सामना करना पड़ा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News