सरकार बना रही भारत-22 ई.टी.एफ. की दूसरी खेप की योजना

Tuesday, Apr 03, 2018 - 05:19 AM (IST)

नई दिल्ली: सरकार भारत-22 एक्सचेंज ट्रेडिंग फंड(ई.टी.एफ.) की पहली खेप के शानदार प्रदर्शन के बाद बाजार में इसकी अनुवर्ती पेशकश लाने पर विचार कर रही है। आई.सी.आई.सी.आई. प्रूडैंशियल म्यूचुअल फंड इसके लिए दस्तावेजों का मसौदा दायर कर चुकी है। सरकार ने भारत-22 ई.टी.एफ. की पहली खेप से पिछले साल नवम्बर में 14,500 करोड़ रुपए जुटाए थे। इसमें 22 कंपनियां शामिल थीं। 

ई.टी.एफ. का प्रबंधन करने वाली कंपनी आई.सी.आई.सी.आई. प्रूडैंशियल म्यूचुअल फंड ने बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास पिछले सप्ताह इस संबंध में दस्तावेज जमा कराए थे। यह नए वित्त वर्ष में सरकार का पहला ई.टी.एफ. होगा। इस वित्त वर्ष में सरकार ने विनिवेश के जरिये 80,000 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा है। भारत ई.टी.एफ.-22 इंडैक्स में मुख्यत: केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों, सार्वजनिक बैंकों के शेयरों के अलावा लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक तथा आई.टी.सी. जैसी बड़ी निजी कंपनियों में सरकार की हिस्सेदारी वाले शेयर भी शामिल हैं। 

सार्वजनिक कंपनियों में ओ.एन.जी.सी., आई.ओ.सी., एस.बी.आई., बी.पी.सी.एल., कोल इंडिया और नाल्को के शेयर इसमें शामिल हैं। सूची में शामिल अन्य केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों में भारत इलैक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियर्स इंडिया, एन.बी.सी.सी., एन.टी.पी.सी., एन.एच.पी.सी., एस.जे.वी.एन.एल., गेल, पी.जी.सी.आई.एल. और एन.एल.सी. इंडिया के शेयर हैं। इंडैक्स में सार्वजनिक क्षेत्र के 3 बैंकों भारतीय स्टेट बैंक, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर शामिल हैं।  

Pardeep

Advertising