इस मामले में जियो ने एयरटेल को छोड़ा पीछे

punjabkesari.in Saturday, Mar 24, 2018 - 02:37 PM (IST)

नई दिल्ली: लगातार सस्ते टैरिफ देकर टेलीकॉम इंडस्ट्री में जबरदस्त पकड़ बनाने वाली रिलायंस जियो ने फिर से नया रिकॉर्ड बनाया है। जियो ने अपने प्रतिद्वंदी एयरटेल के मुकाबले 5 गुना ज्यादा ग्राहक जोड़े हैं।

टेलीकॉम रेगूलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने शुक्रवार को ताजा आंकड़ें जारी कर बताया कि जनवरी माह में एयरटेल ने 15 लाख ग्राहक जोड़े जबकि जियो ने 83 लाख ग्राहक जोड़े हैं। वहीं वोडाफोन इंडिया 12.8 लाख नए ग्राहक जुड़े। इस अवधि के दौरान रिलायंस कम्यूनिकेशन ने 21.1 लाख ग्राहक गंवाए तो वहीं एयरसेल ने 34.9 लाख ग्राहक गंवाए हैं। 

मार्केट शेयर 14.62 प्रतिशत हुआ
जनवरी में 83 लाख ग्राहक जोड़ने के बाद रिलायंस जियो का मार्केट शेयर बढ़कर 14.62 प्रतिशत हो गया है। ट्राई की तरफ से जारी किए गए आंकड़े के अनुसार जियो का मार्केट शेयर दिसंबर में 13.71 प्रतिशत था। नवंबर में कंपनी का शेयर 13.08 फीसदी और अक्तूबर में 12.39 प्रतिशत था। सितंबर 2016 में लॉन्चिंग के बाद से जियो का मार्केट बेस लगातार बढ़ता जा रहा है।

एयरटेल नंबर वन
अगर यूजर्स की संख्या की बात करें तो भारती एयरटेल अभी भी 29.16 करोड़ यूजर्स के साथ पहले पायदान पर मौजूद है। जिसके बाद दूसरे नंबर पर वोडाफोन इंडिया है, जिसके बाजार में कुल ग्राहकों की संख्या 21.38 करोड़ है। वहीं आइडिया सेल्‍यूलर 19.76 करोड़ यूजर्स के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं जनवरी अंत तक मुकेश अंबानी की जियो के उपभोक्‍ताओं की संख्‍या 16.83 करोड़ है। बाजार भागेदारी में बाकी टेलीकॉम कंपनियों की बात करें तो ट्राई के आंकड़ों के अनुसार भारती एयरटेल 25.32 फीसदी के साथ पहले, वोडाफोन इंडिया 18.56 फीसदी दूसरे और आइडिया सेल्‍यूलर 17.16 फीसदी के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं बात बी.एस.एन.एल. की करें तो जनवरी में कंपनी ने 39 लाख नए यूजर्स को जोड़ा है। सबसे पतली हालत रिलायंस कम्‍यूनिकेशंस की रही। जनवरी में कंपनी के 2.11 करोड़ ग्राहकों ने नेटवर्क का साथ छोड़ दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Related News