मार्कीट कैप के लिहाज से TCS को पीछे छोड़ RIL बनी देश की सबसे बड़ी कंपनी

Friday, Apr 21, 2017 - 04:28 PM (IST)

नई दिल्ली: मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बाजार पूंजीकरण के लिहाज से टाटा समूह की प्रमुख कंपनी टी.सी.एस. को आज कारोबार के दौरान पीछे छोड़ बंबई शेयर बाजार में आर.आई.एल. का शेयर 3.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,416.40 रुपए पर पहुंच गया। इससे कंपनी का बाजार पूंजीकरण (एमकैप) बढ़कर 4,60,291.20 करोड़ रुपए पहुंच गया जो घरेलू सूचीबद्ध कंपनियों में सर्वाधिक है। यह टी.सी.एस. के उस दौरान एमकैप 4,57,139.28 करोड़ रुपए के मुकाबले 3,151.92 करोड़ रुपए अधिक है। टी.सी.एस. का शेयर 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,320.65 रुपए पर कारोबार कर रहा था।

इससे पहले, मंगलवार को बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज थोड़े समय के लिए टी.सी.एस. को पीछे छोड़ते हुए देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई थी। टी.सी.एस. लगभग चार साल पहले एमकैप को पीछे छोड़ते हुए सबसे मूल्यवान कंपनी बनी थी लेकिन हाल में मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी के शेयर में जोरदार तेजी से कंपनी अंतर पाटने में कामयाब रही। इस साल अब तक आर.आई.एल. का शेयर करीब 27 प्रतिशत मजबूत हुआ जबकि टी.सी.एस. में एक प्रतिशत की गिरावट आई।

Advertising