1 जुलाई से GST ही नहीं, ये चीजें भी बदल देंगी आपकी दुनिया

Thursday, Jun 29, 2017 - 02:26 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीयों के जीवन में 1 जुलाई से बड़ा बदलाव होने वाला है क्योंकि इस दिन से पूरे देश में जी.एस.टी. लागू होने वाला है। नोटबंदी के बाद इसे सरकार का सबसे बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है। इस दिन जी.एस.टी. के अलावा और भी कई नई चीजें लागू हो जाएंगी। खासतौर पर आधार के इस्तेमाल को लेकर कई बड़े बदलाव होने वाले हैं। जानिए 1 जुलाई से जी.एस.टी. के साथ किन चीजों में बदलाव होगा।

ITR के लिए आधार जरुरी
सरकार ने आयकर रिटर्न फाइल करने के लिए आधार को जरुरी कर दिया है। आधार के बिना 1 जुलाई के बाद आप अपना टैक्स रिटर्न फाइल नहीं कर पाएंगे।

आधार नहीं तो राशन नहीं
जन वितरण प्रणाली को भी आधार से जोड़ा गया है। सभी पी.डी.एस. सब्सिडी पाने वाले लोगों को 1 जुलाई से पहले अपने राशन कार्ड के साथ आधार को जोड़ना होगा।

पैन-आधार को लिंक कराना अनिवार्य
सरकार ने टैक्स बचाने के लिए कई पैन कार्ड्स का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर शिकंजा कसने के लिए पैन को आधार के साथ जोड़ना अनिवार्य कर दिया है। अगर आप आयकर अधिनियम की धारा 139AA के तहत अपने पैन को आधार से नहीं जोड़ते हैं, तो आपका पैन अवैध हो जाएगा।

आधार के बिना PAN अवैध
नए पैन कार्ड के लिए आपके पास आधार कार्ड होना ही चाहिए। शनिवार के बाद आप अपने आधार कार्ड के बिना पैन कार्ड के लिए अप्लाइ नहीं कर पाएंगे।

CA के लिए नया पाठ्यक्रम
चार्टर्ड अकाउंटेंट की पढ़ाई करने वालों के लिए पी.एम. मोदी 1 जुलाई को एक नया पाठ्यक्रम लांच करेंगे। नया पाठ्यक्रम इंटरनैशनल फेडरेशन ऑफ अकाउंटेंट्स के अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा मानकों के अनुसार होगा। इसमें नई टैक्स प्रणाली, जी.एस.टी. भी शामिल होंगे।

पासपोर्ट आवदेन के लिए आधार जरुरी
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट का आवदेन करने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया है। 1 जुलाई से बिना आधार के आप अपने पासपोर्ट के लिए अप्लाई नहीं कर पाएंगे।

PF खातों को आधार से जोड़ना आवश्यक
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) ने 30 जून तक पी.एफ. खातों को आधार से जोड़ने को कहा है। पेंशनरों को भी अपने आधार की डीटेल जमा करने को कहा गया है।

स्कॉलरशिप के जरुरी होगा आधार
स्कूल और कॉलेज के छात्र, जो स्कॉलरशिप लेना चाहते हैं या पहले से ले रहे हैं, उनको 30 जून तक अपने आधार की डीटेल जमा करने को कहा गया है। जिनके पास आधार नहीं होगा उनको स्कॉलरशिप नहीं मिलेगी।

Advertising