GST का असर, भारत में महंगे होंगे विदेशी नोट

Saturday, Jul 08, 2017 - 04:15 PM (IST)

नई दिल्लीः विदेश जाने वाले भारतीयों को देश छोड़ने से पहले विदेशी मुद्रा के लिए अधिक धन खर्च करना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, कस्टम विभाग देश में आयात होने वाली करंसी पर जी.एस.टी. चार्ज लगाने की योजना बना रहा है। इस संबंध में कस्टम विभाग ने अपना प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। अगर विदेशी मुद्रा पर जी.एस.टी. चार्ज लगाया जाता है तो आपके लिए ये नोट खरीदना महंगा हो जाएगा।

12 प्रतिशत टैक्स लगाने का प्रस्ताव
इसके तहत कस्टम विभाग ने विदेशी नोटों के आयात पर 12 प्रतिशत टैक्स लगाने का प्रस्ताव दिया है। अगर सरकार कस्टम विभाग के इस फैसले पर मोहर लगा देती है तो विदेशों से आने वाले नोटों पर 12 फीसदी एकीकृत जी.एस.टी. लग सकता है, जिस कारण ये नोट महंगे हो जाएंगें। एक बैंक अधिकारी के मुताबिक इस कदम से विदेशी करंसी की खेप फंस जाएगी। बैंकों ने सरकार से इस पर जल्द से जल्द फैसला करने की अपील की है। बैंक अधिकारियों के अनुसार करंसी नोटों को वस्तु यां सेवा नहीं कहा जा सकता और इन्हें जी.एस.टी. से मुक्त रखना चाहिए। साल 2003 में सरकार ने करंसी नोटों को आयात शुल्क और टैक्स से मुक्त कर दिया था। गौरतलब है कि 12 फीसदी जी.एस.टी. लगाने से विदेशी करंसी नोट खरीदने महंगे हो जाएंगे। एेसे में भारत में आने वाले यात्रियों पर और विदेश जाने वाले भारतीय दोनों पर असर होगा।

Advertising