Rupee Strong on 20 April: तेल कीमतों में गिरावट का असर, रुपए में 13 पैसे की मजबूती

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 10:52 AM (IST)

Rupee News: रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.78 के स्तर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट, वैश्विक तनाव में कमी की उम्मीदों और रिजर्व बैंक के उपायों के प्रभाव से रुपए में यह तेजी आई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति में उतार-चढ़ाव और ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किए जाने के कारण मुद्रा सीमित दायरे में रह सकती है। 

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.73 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 92.70 के स्तर तक मजबूत हुआ, बाद में यह 92.78 प्रति डॉलर पर कारोबार करता देखा गया, जो पिछले बंद स्तर से 13 पैसे अधिक है। रुपया शुक्रवार को भी 28 पैसे की मजबूती के साथ 92.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जबकि उससे पिछले सत्र में बृहस्पतिवार को यह 19 पैसे मजबूत हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत बढ़कर 98.11 पर पहुंच गया। 

अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 5.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.21 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। विश्लेषकों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें शुक्रवार को 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने के बाद फिर से बढ़ीं, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच नए तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही बाधित हुई। घरेलू शेयर बाजार भी सुबह के कारोबार में उतार-चढ़ाव के साथ रहा, जहां सेंसेक्स 63.11 अंक की बढ़त के साथ 78,556.65 पर था, जबकि निफ्टी 3.10 अंक की गिरावट के साथ 24,367.55 पर रहा।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News