प्याज के दाम नीचे नहीं आए तो कीमतें बढ़ा सकते हैं रेस्तरां

Friday, Dec 13, 2019 - 09:09 PM (IST)

मुंबईः भारतीय होटल और रेस्तरां संघ (आहार) ने शुक्रवार को कहा कि अगर महानगर में प्याज की कीमत जल्द ही 60 रुपए किलो के स्तर पर नहीं आती हैं तो प्याज से बने व्यंजनों की कीमतें बढ़ानी पड़ सकती है।

पिछले कुछ सप्ताह में मुंबई और आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में प्याज 160-170 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है। हालांकि, सोमवार को, प्याज की कीमत में 30 प्रतिशत तक की गिरावट आई थी। प्याज उत्पादक किसानों ने प्याज की महंगी कीमत का लाभ लेने के लिए थोक बाजारों में अधिक उपज को लाना शुरू किया है।

आहार के अध्यक्ष संतोष शेट्टी ने यहां मीडिया से कहा “प्याज की कीमतें नीचे की ओर जा रही हैं और मुंबई में इसमें 30 प्रतिशत तक की कमी आई है। हम प्याज वाले व्यंजनों के दाम बढ़ाने के बारे में एक सप्ताह से 10 दिन तक का इंतजार करेंगे। आहार रेस्तरांओं का शीर्ष निकाय है। मुंबई के 8,000 से अधिक बड़े और छोटे रेस्तरां इसके सदस्य हैं।

 

Pardeep

Advertising