घरों की कीमतों में बढ़ोतरी के मामले में हैदराबाद दुनिया में 128वें स्थान पर

Tuesday, Dec 28, 2021 - 10:27 AM (IST)

नई दिल्लीः घरों की कीमतों में बढ़ोतरी के मामले में हैदराबाद दुनिया में 128वें स्थान पर है। नाइट फ्रैंक इंडिया की सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। इस सूची में तुर्की का शहर इजमिर पहले स्थान पर है। वहां मकानों के दाम 34.8 प्रतिशत बढ़े हैं। उसके बाद 33.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ न्यूजीलैंड के वेलिंग्टन का स्थान है। 

दुनिया के 150 शहरों में घरों के दामों में वृद्धि का आंकड़ा 
नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट ‘वैश्विक आवासीय शहरों का सूचकांक तीसरी तिमाही-2021' में कहा गया है कि 2021 की तीसरी तिमाही में वैश्विक स्तर पर 150 शहरों में घरों के दाम सालाना आधार पर औसतन 10.6 प्रतिशत बढ़े हैं। यह 2005 की पहली तिमाही के बाद कीमतों में सबसे तेज वृद्धि है। सालाना आधार पर कीमतों में ढाई प्रतिशत की वृद्धि के साथ हैदराबाद 128वें स्थान पर है।

चेन्नई 2.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ सूची में 131वें, कोलकाता 1.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 135वें और अहमदाबाद 0.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 139वें स्थान पर है। मुंबई सूची में 146वें स्थान पर है। वहां घरों के दाम 1.8 प्रतिशत घटे हैं। वहीं बेंगलुरु में घरों के दाम सालाना आधार पर 0.2 प्रतिशत कम हुए हैं और वह सूची में 140वें स्थान पर है। दिल्ली में भी घर 0.7 प्रतिशत सस्ते हुए हैं और यह सूची में 142वें स्थान पर है। पुणे में आवासीय संपत्तियों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई है और वह सूची में 144वें स्थान पर है। 

jyoti choudhary

Advertising