होंडा ने बाहर निकाले 2500 अस्थाई कर्मचारी, प्लांट के बाहर हंगामा!

Tuesday, Nov 05, 2019 - 08:30 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः मंदी की वजह से होंडा कंपनी ने अपने गुरूग्राम के मानेसर प्लांट से करीब 2500 कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया है। निकाले गए सभी कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर रखे गए थे। कंपनी से निकाले जाने के बाद कर्मचारी विरोध में सड़क पर उतर आए हैं।

बाहर निकाले गए कर्मचारी होंडा प्लांट के बाहर जमा हो गए हैं और वो मैनेजमेंट के फैसले का लगातार विरोध कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक प्लांट के बाहर करीब 250 से ज्यादा कर्मचारी जमा हो गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि बिना किसी नोटिस के उन्हें बाहर निकाल दिया गया है, जिसका वो विरोध कर रहे हैं।

गौरतलब है कि मंदी की वजह से पिछले चार महीने से लगातार ऑटो इंडस्ट्री का बुरा हाल है। हालात से निपटने के लिए बीते कुछ महीनों में ऑटो कंपनियों ने अस्थाई तौर पर उत्पादन पर रोक लगा दी। इसके साथ ही कंपनियों में कर्मचारियों की छंटनी भी तेज हो गई है।

 

Yaspal

Advertising