देश के 75 प्रमुख शहरों में बीते वित्त वर्ष में घरों की बिक्री 16% बढ़ी

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 10:35 AM (IST)

नई दिल्लीः भारत के 75 प्रमुख शहरों में वित्त वर्ष 2025-26 में घरों की बिक्री 16 प्रतिशत बढ़कर 9.33 लाख करोड़ रुपए हो गई, जबकि ग्राहकों को बेचे गए घरों की संख्या में मामूली एक प्रतिशत की गिरावट आई। लियासेस फोरास ने यह जानकारी दी। 'लियासेस फोरास रियल एस्टेट रेटिंग एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड' ने सोमवार को भारत के 75 आवास बाजारों के आंकड़े जारी किए। आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में घरों की बिक्री की संख्या एक प्रतिशत घटकर 7,09,793 इकाई रह गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 7,19,029 थी। मूल्य के हिसाब से पिछले वित्त वर्ष 9,32,965 करोड़ रुपए बिक्री हुई, जो 16 प्रतिशत की वृद्धि है। पिछले वित्त वर्ष में इन 75 शहरों में नए घरों की आपूर्ति 10 प्रतिशत बढ़कर 6,20,842 इकाई हो गई। 

लियासेस फोरास ने कहा, ''आर्थिक चिंताओं के बावजूद 75 से अधिक शहरों में आवास बिक्री लगभग स्थिर बनी हुई है, जबकि नए घरों की आपूर्ति में सालाना आधार पर लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे बिना बिके मकानों की संख्या में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह लगभग 12 लाख इकाई तक पहुंच गई है, जो आपूर्ति की वृद्धि को दर्शाती है।'' 

शोध फर्म के अनुसार, शीर्ष आठ शहरों में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिक्री घटकर 5,07,850 इकाई रह गई, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 5,09,211 इकाई थी। दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में बिक्री चार प्रतिशत घटकर 2,01,943 इकाई रह गई, जो पहले 2,09,818 इकाई थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary