एचसीसी को मिले 623 करोड़ के ऑर्डर

Monday, Mar 28, 2016 - 05:15 PM (IST)

मुंबईः इंजीनियरिंग एवं निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कम्पनी लिमिटेड (एच.सी.सी.) को जल विद्युत एवं सुरंग निर्माण क्षेत्र से कुल 623 करोड़ रुपए के 2 ऑर्डर मिले हैं। 

कम्पनी ने आज जारी बयान में बताया कि इस इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ई.पी.सी.) अनुबंध के तहत उसे भूटान के तांगसिब्जी हाइड्रो एनर्जी लिमिटेड से त्रोंगसा जिले में उसकी 118 मैगावाट की निकछू जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए 456 करोड़ रुपए का ऑर्डर प्राप्त हुआ है। इस परियोजना के 48 महीने में पूरी होने की उम्मीद है। इससे पहले कम्पनी भूटान के दगाना जिले में ई.पी.सी. आधारित 124 मैगावाट की दगाछू जलविद्युत परियोजना का काम पूरा कर चुकी है। इसके अलावा वह भूटान की 4 अन्य जलिवद्युत परियोजनाओं 60 मैगावाट की किरुचू, 1020 मैगावाट की ताला, 126 मैगावाट क्षमता वाली दगाछू तथा 1200 मैगावाट की पुनात्सांगछू में सांझेदार रही है। उसने कहा कि उसे 167 करोड़ रुपए का दूसरा ऑर्डर जम्मू कश्मीर में जेकेएसपीडीसी की तरफ से करीब 1500 मीटर लंबी सुरंग के निर्माण के लिए मिला है। यह भी ई.पी.सी. अनुबंध है। इसके तहत उसे सुरंग के निरीक्षण, डिजाइन और निर्माण जैसे कार्य करने हैं। इस परियोजना के 30 महीने में पूरी होने की उम्मीद है। 

कम्पनी के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण करमबेलकर ने कहा, ''हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों के बीच इन 2 ऑर्डरों का मिलना एच.सी.सी. में कंपनियों के बढ़ रहे विश्वास को प्रदर्शित करता है। हम भूटान में 4 जलविद्युत परियोजनाओं के लिए काम कर चुके हैं और वहां आगे भी ऐसी परियोजनाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।''

Advertising