आधी रात से लागू होगा GST, यहां झट से कटेगी आपकी जेब

Friday, Jun 30, 2017 - 04:01 PM (IST)

नई दिल्लीः आज रात 12 बजे के बाद आपको मौज मस्ती महंगी पड़ सकती है क्योंकि देश में नया इनडायरेक्ट टैक्स सिस्टम लागू हो जाएगा। यानी शनिवार की सुबह से आप जो भी खरीददारी या ट्रांजैक्शन करेंगे उस पर नई व्यवस्था के तहत टैक्स लगेगा।  अगर अाप आज होटल में रुकने के लिए सोच रहे हैं तो कल सुबह आपको जेब ढीली करनी पड़ सकती है। जानें जी.एस.टी. से सबसे पहले किन लोगों पर होगा ज्यादा असर।

टैक्सी बुकिंग
अगर आप आज देर शाम या रात को टैक्सी बुक करते हैं और पेमेंट आधी रात 12 बजे या उसके बाद करते हैं तो आपको वैट की जगह जी.एस.टी. देना होगा।

दिन में कर लें ऑनलाइन शॉपिंग
शॉपिंग प्लान कर रहे हैं तो आज दिनभर अपनी पसंद की चीजों को ऑनलाइन ऑर्डर कर पेमेंट कर दें। दरअसल जी.एस.टी. लागू होने के बाद ऑनलाइन शॉपिंग महंगी पड़ जाएगी। जी.एस.टी. काउंसिल ने जी.एस.टी. के तहत ई-कॉमर्स कंपनियों के वेंडर्स से 1 प्रतिशत टी.सी.एस. (टैक्स कलेक्टेड ऐट सोर्स) वसूला जाएगा।

होटल में रुकना पड़ेगा महंगा
होटल में आज आधी रात से बने बिल पर सर्विस टैक्स और लग्जरी टैक्स जैसे स्थानीय करों की जगह जी.एस.टी. लगेगा। लेकिन, अगर आपने होटल बुक करते ही अडवांस पेमेंट कर दिया है तो आपको जी.एस.टी. देने की जरूरत नहीं होगी, भले ही बिल 30 जून के बाद की तारीख में ही क्यों न बने। हालांकि, जी.एस.टी. काउंसिल ने तय किया है कि 1000 रुपए प्रतिदिन तक के किराए वाले होटलों से टैक्स न लिया जाए। 

Advertising