सही टैक्स जानने में मदद करेगी GST रेट फाइंडर ऐप

Saturday, Jul 08, 2017 - 12:53 PM (IST)

नई दिल्लीः 1 जुलाई से जी.एस.टी. पूरे देश में लागू हो चुका है। अब केंद्र सरकार आम जनता और व्यापारियों को इसके बारे में सही जानकारी देने में लगी है। इसी क्रम में सीमा शुल्क बोर्ड (सी.बी.ई.सी.) की ओर से अब जी.एस.टी. रेट फाइंडर ऐप लांच किया है। इस ऐप की मदद से लोगों को किसी भी चीज पर लगने वाले जी.एस.टी. की सही जानकारी मिल सकेगी।

ऐसे करें उपयोग
इस ऐप को डाउनलोड करने के बाद आप जैसे ही इसे खोलेंगे इसमें आपको तीन ऑप्शन नजर आएंगे। इनमें पहला ऑप्शन टैक्स ऑन गुड्स का है जिसे 7 कैटिगरी में बांटा गया है- 0 प्रतिशत, 0.25 प्रतिशत, 3 प्रतिशत, 5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत। इसमें आप जिस भी कैटेगरी में जाएंगे आपको उन प्रोडक्ट्स की जानकारी मिल जाएगी जिन पर टैक्स लगा है।

ऐसा ही दूसरा ऑप्शन सर्विस टैक्स रेट का दिया गया है। इसे पांच कैटिगरी में बांटा गया है- 0 प्रतिशत, 5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत। तीसरा ऑप्शन इंफॉर्मेशन का है जिस पर क्लिक करते ही आप जी.एस.टी. वेबसाइट के पेज पर चले जाएंगे जहां और भी जानकारी उपलब्ध है।

एंड्रायड स्टोर पर उपलब्ध है यह ऐप 
फिलहाल यह ऐप एंड्रायड स्टोर में उपलब्ध है और जल्द ही इसे आई.एस.ओ. व विंडोज के लिए भी उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इसे आप एंड्रायड प्ले स्टोर में जी.एस.टी. रेट फाइंडर लिखकर सर्च कर सकते हैं।
 

Advertising