किसानों की हालत सुधारने के लिए सरकार लगा रही ऐडी चोटी का जोर

Saturday, Apr 07, 2018 - 02:50 PM (IST)

नई दिल्लीः इस साल किसानों पर सरकार और मौसम दोनों मेहरबान हो सकते हैं। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एक निजी एजेंसी स्काईमेट ने इस साल सामान्य बारिश होने की संभावना जताई है। सूखा पड़ने की कोई भी आशंका नहीं है। स्काईमेट की भविष्यवाणी ने किसानों के चेहरे में मुस्कान ला दी है। इधर सरकार भी किसानों की हालत सुधारने के लिए ऐडी चोटी का जोर लगा रही है। किसानों को डेढ़ गुना एमएसपी का दाम दिलाने के लिए हर फॉर्मूले को खंगाला जा रहा है।

सरकार बनाएगी स्पेशल फंड 
किसानों को 50 फीसदी मुनाफा दिलाने के लिए सरकार 50,000 करोड़ रुपए का स्पेशल फंड बनाएगी। मिली जानकारी के मुताबिक निजी कंपनियों को भी इस योजना के तहत अनाज खरीदने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। फसल की ज्यादा कीमत देने के लिए फंड बनेगा और 50,000 करोड़ रुपए का स्पेशल फंड बनाया जाएगा।

दरअसल मोदी सरकार ने किसानों की लागत का डेढ़ गुना दाम दिलाने का वादा किया था। सरकार ने बजट में ज्यादा दाम देने की बात की थी। किसानों के लिए बनाए जाने वाले स्पेशल फंड का अनाज खरीदने और रख-रखाव के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। अनाज खरीदने के लिए राज्यों को समय पर पैसा मिलेगा। अनाज खरीदने में निजी कंपनियां भी शामिल होंगी। निजी कंपनियां सरकार के नाम पर अनाज खरीदेंगी।

कैबिनेट से मिल सकती है मंजूरी
वित्त मंत्रालय के साथ स्पेशल फंड बनाने पर चर्चा हो चुकी है और अगले हफ्ते कैबिनेट से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। सरकार की दो अलग-अलग तरीकों से अनाज खरीदने की योजना है। सरकारी एजेंसियां बढ़ी हुई एमएसपी पर अनाज खरीदेंगी। साथ ही मध्य प्रदेश की तर्ज पर भावांतर योजना भी लागू की जाएगी।
 

jyoti choudhary

Advertising