पंजाब के लोगों के लिए अच्छी खबर, विश्वबैंक और AIIB ने पानी से जुड़े 30 करोड़ डॉलर के प्रोजेक्ट को दी मंजूरी

Saturday, Apr 03, 2021 - 10:31 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः विश्वबैंक और एशियाई बुनियादी ढांचा निवेश बैंक (एआईआईबी) ने पंजाब में नहर के पानी पर आधारित 30 करोड़ डॉलर (करीब 2,190 करोड़ रुपए) की पेय जल परियोजनाओं के लिए कर्ज सहायता मंजूर की है। पंजाब सरकार के बयान के अनुसार परियोजना का मकसद गुणवत्तापूर्ण पेय जल सुनिश्चित करना और अमृतसर तथा लुधियाना में पानी के नुकसान को कम करना है। 

आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार पूरी परियोजना का वित्त पोषण आईबीआरडी (विश्व बैंक), एशियाई बुनियादी निवेश बैंक और पंजाब सरकार करेगी। इसमें आईबीआरडी 10.5 करोड, एआईआईबी 10.5 करोड़ डॉलर तथा पंजाब सरकार 9 करोड़ डॉलर उपलब्ध कराएगी। प्रवक्ता के अनुसार अमृतसर परियोजना में जल आपूर्ति का स्रोत ऊपर बारी दोआबा नहर है और 44 करोड़ लीटर प्रतिदिन जल शोधन संयंत्र का निर्माण जिले के वल्लाह गांव में किया जाएगा। 

जल शोधन के बाद उसकी आपूर्ति ‘ऊंचाई पर स्थापित टंकियों (ओएचएसआर) में की जाएगी। वहां उसे शहर के निवासियों को निरंतर जल आपूर्ति की जाएगी। इसी प्रकार, लुधियाना परियोजना में जल आपूर्ति का स्रोत सरहिंद नहर होगी। वहां के लिए दैनिक 85 करोड़ लीटर जल शोधन क्षमता का संयंत्र लगाया जाएगा। पानी का शोधन करने के बाद उसे ओएचएसआर में डाला जाएगा। वहां से उसकी आपूर्ति घरों में की जाएगी। 
 

jyoti choudhary

Advertising