रिकॉर्ड स्तर से फिसला सोना, चांदी भी लुढ़की

Monday, Aug 19, 2019 - 03:54 PM (IST)

नई दिल्लीः विदेशों में दोनों कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपए टूटकर 38,570 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। गत कारोबारी दिवस यह 38,670 रुपए के अब तक के रिकॉर्ड स्तर पर रहा था। चांदी भी 650 रुपए की बड़ी गिरावट के साथ 45,000 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई। 

लंदन तथा न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर में रही मजबूती से सोने-चांदी पर दबाव पड़ा है। सोना हाजिर 12.12 डॉलर लुढ़ककर 1,500.95 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 12 डॉलर की गिरावट में 1,511.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया। 

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दुनिया की छह अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर का सूचकांक दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इससे डॉलर के अलावा अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा हो गया। इस कारण मांग में गिरावट आने से इसकी कीमतों में नरमी देखी गई। शेयर बाजारों में लौटी तेजी से भी पीली धातु पर दबाव रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.15 डॉलर की गिरावट में 16.92 डॉलर प्रति औंस पर रही।

jyoti choudhary

Advertising