सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानिए आज के भाव

Tuesday, Jun 28, 2016 - 03:09 PM (IST)

नई दिल्लीः अंतर्राष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं में आई गिरावट के कारण आज दिल्ली सर्राफा बाजार में भी सोना 300 रुपए टूटकर 30,250 रुपए प्रति 10 ग्राम तथा चांदी 200 रुपए फिसलकर 41,900 रुपए प्रति किलोग्राम टूट गई। 

 

लंदन में सोना हाजिर 11.6 डॉलर की गिरावट के साथ 1312.7 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा भी 7.2 डॉलर नीचे 1317.5 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि निवेशकों की मुनाफा वसूली से वैश्विक स्तर पर पीली धातु टूटी है। इसके अलावा ब्रिटेन की मुद्रा स्टर्लिंग पाऊंड तथा एशिया के उभरती हुई अर्थव्यवस्था वाले देशों की मुद्राओं के गिरावट से उबरने तथा कच्चा तेल के दाम में सुधार से भी इसकी मांग कम हुई है जिससे यह दबाव में रही। उन्होंने कहा कि एक-दो सप्ताह में सोना 1375 से 1400 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। लंदन में चांदी हाजिर भी 0.09 डॉलर गिरकर 17.63 डॉलर प्रति औंस बोली गई। 

Advertising