850 रुपए उछलकर सोना 21 महीने के उच्चतम स्तर पर

Friday, Feb 12, 2016 - 03:45 PM (IST)

नई दिल्लीः विदेशी बाजारों में जबरदस्त तेजी एवं स्थानीय स्तर पर वैवाहिक मांग आने से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 850 रुपए चमककर पौने 2 साल के उच्चतम स्तर 29,650 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 750 रुपए उछलकर 8 महीने के उच्चतम स्तर 37,850 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। 

 

सोना लगातार 11वें कारोबारी दिवस मजबूत हुआ है। इस दौरान यह 2600 रुपए चढ़ चुका है। सोने का आज का 29,250 रुपए प्रति दस ग्राम का स्तर 15 मई 2014 के बाद का उच्चतम स्तर है। चांदी में यह तेजी पिछले कारोबारी दिवस की गिरावट के बाद आई है। यह 4 जून 2015 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। 

 

लंदन से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोना स्टैंडर्ड एक डॉलर कमजोर होकर 1238.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह चार फीसदी मजबूत हुआ था जो ढाई साल की सबसे बड़ी एकदिनी बढ़त थी। इस सप्ताह यह 5.5 प्रतिशत चढ़ा है जो अक्तूबर 2011 के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त है। अमरीकी सोना वायदा 8.8 डॉलर लुढ़ककर 1239 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इस सप्ताह यह 7 फीसदी मजबूत हुआ है। 

 

विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक अर्थव्यवस्था में जारी उथल-पुथल एवं डॉलर में आई रिकॉर्ड गिरावट ने दोनों कीमती धातुओं को मजबूती दी है। वैश्विक शेयर बाजारों में जारी भारी गिरावट के कारण निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के रूप में कीमती धातुओं का रुख किया जिससे इनकी कीमतें चढ़ गई। इसके अलावा डॉलर के 15 महीने के निचले स्तर पर चले आने से भी इन्हें समर्थन मिला। इस बीच लंदन में चांदी हाजिर 0.01 डॉलर मजबूत होकर 15.63 डॉलर प्रति औंस पर रही।

Advertising