दिल्ली सर्राफा समीक्षाः सोना 395 रुपए सस्ता, चांदी 700 रुपए लुढ़की

Sunday, Mar 31, 2019 - 05:12 PM (IST)

नई दिल्लीः अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही भारी गिरावट के बीच घरेलू जेवराती मांग की सुस्ती से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 395 रुपए लुढ़ककर 32,735 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 700 रुपए सस्ती होकर 38,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। मार्च के शुरूआत से ही दोनों कीमती धातुओं में साप्ताहिक गिरावट रही थी लेकिन 23 मार्च को समाप्त सप्ताह में दोनों के भाव तीन सप्ताह की गिरावट से उबरने में कामयाब रहे थे। 

हालांकि, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर की मजबूती और ऊंचे भाव पर खुदरा ग्राहकी कम होने से सोने-चांदी के भाव बीते सप्ताह फिर लुढ़क गए। इस बीच लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत सप्ताह लंदन का सोना हाजिर 10.60 डॉलर की साप्ताहिक गिरावट के साथ शुक्रवार को सप्ताहांत पर 1,21.95 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा भी 7.00 डॉलर की गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 1,297.00 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इस बीच विदेशों में चांदी हाजिर 0.24 डॉलर की गिरावट में सप्ताहांत पर 15.09 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।  

jyoti choudhary

Advertising