सोने की कीमतों में भारी उछाल, 10 ग्राम गोल्ड की कीमत 39400 रुपए के पार

Friday, Oct 04, 2019 - 04:12 PM (IST)

नई दिल्लीः त्योहारों के मौसम में आभूषण निर्माताओं की ओर से जेवराती मांग आने और विदेशों में रही तेजी से सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में शुक्रवार को उछाल देखने को मिला। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शुक्रवार को 1,150 रुपए की बड़ी छलांग लगाता हुआ करीब चार सप्ताह के उच्चतम स्तर 39,420 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह बजट के अगले दिन छह जुलाई के बाद की सबसे बड़ी तेजी है।

बजट में सोने पर सीमा शुल्क बढ़ाए जाने से छह जुलाई को इसके दाम 1,300 रुपए चढ़ गए थे। सोने के विपरीत चांदी में आज 50 रुपए की नरमी रही और यह 46,450 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी। विदेशों में पीली धातु के 1,500 डॉलर प्रति औंस के पार निकलने से भी स्थानीय बाजार में इसके दाम बढ़े।

लंदन एवं न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 2.50 डॉलर चमककर 1,509.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। गुरुवार को भी इसमें तेजी रही थी और बीच कारोबार में यह 1,518.50 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ा था। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में रोजगार के कमजोर आंकड़े आने से आर्थिक संकट की चिंता बढ़ गई है जिससे सोने में तेजी रही। निवेशकों ने पूंजी बाजार की बजाय सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु का रुख किया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी आज 1.20 डॉलर की बढ़त में 1,515 डॉलर प्रति औंस बोला गया। सोने के विपरीत चांदी हाजिर 0.01 डॉलर फिसलकर 17.56 डॉलर प्रति औंस रह गई।
 

Supreet Kaur

Advertising