लगातार दूसरे दिन सोने में तेजी, चांदी फिसली

Friday, Sep 30, 2016 - 04:23 PM (IST)

नई दिल्लीः अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आई तेजी और जेवराती मांग बढऩे से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में लगातार दूसरे दिन सोने की चमक बढऩे से यह 175 रुपए चढ़कर 31,525 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी में 50 रुपए की गिरावट रहने से यह 45,500 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। लंदन एवं न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 5.55 डॉलर की तेजी से 1,327.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। 

अमरीकी सोने का दिसंबर वायदा 4.20 डॉलर मजबूत होकर 1,330.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। विश्लेषकों के अनुसार, ड्यूश बैंक की स्थिरता को लेकर जारी चिंता के कारण शेयरों में हुई भारी गिरावट से निवेशकों का भरोसा सोने में बढ़ा है, जिससे इसकी मांग में तेजी आई है। इस बीच लंदन में चांदी हाजिर 0.16 डॉलर की तेजी से 19.26 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।  

सोना स्टैंडर्ड 50 रुपए चढ़कर 31,350 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। यह लगातार 3 कारोबारी दिवसों की गिरावट के बाद आई तेजी है। सोना बिटुर भी इतनी ही बढ़त के बाद 31,200 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। हालांंकि 8 ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर स्थिर रही। चांदी हाजिर भी 400 रुपए चमककर 45,550 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। यह इसकी लगातार 4 कारोबारी सत्र की गिरावट के बाद की बढ़त है। चांदी वायदा भी 480 रुपए की छलांग लगाकर 45,870 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 77 हजार रुपए और 78 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।  

कारोबारियों ने बताया कि घरेलू स्तर पर त्यौहारी मांग के जोर पकडऩे से दोनों कीमती धातुओं की गिरावट थमी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक गिरावट जारी रहने से इनपर दबाव भी रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में त्यौहारी मांग के कारण बाजार में और तेजी आएगी। 
 

Advertising