सोना 175 रुपए तेज, चांदी 175 रुपए टूटी

Sunday, Aug 14, 2016 - 01:08 PM (IST)

नई दिल्लीः विदेशी बाजारों में गिरावट के बीच मांग आने से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 175 रुपए मजबूत होकर 31,075 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कमजोर मांग के कारण चांदी 175 रुपए टूटकर 46,125 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। 

 

लंदन एवं न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोना हाजिर 1.56 डॉलर कमजोर होकर 1,337.16 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वहीं, अमरीकी सोना वायदा 1.40 डॉलर चढ़कर 1,342.80 डॉलर प्रति औंस बोली गई। विश्लेषकों के अनुसार अमरीका में फेडरल रिजर्व द्वारा दिसंबर में ब्याज दर बढ़ाने की आशंका मजबूत होने से कीमती धातुओं पर दबाव रहा है।

 

माना जा रहा है कि नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव के बाद फेड ब्याज दर बढ़ाएगा। इसके अलावा प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने से भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। हालांकि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान कीमती धातुओं में बड़े बदलाव नहीं हुए। अमरीका में कमजोर आर्थिक आंकड़े आने के कारण बुधवार को इनमें तेजी दर्ज की गई थी लेकिन सप्ताहांत आते-आते ब्याज दर बढ़ौतरी का दबाव हावी हो गया। इस बीच लंदन में चांदी हाजिर 0.20 डॉलर मजबूत होकर 19.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। 

 

स्थानीय बाजार में सोने में तीन दिन तेजी और 3 दिन गिरावट रही। सोना स्टैंडर्ड 175 रुपए की साप्ताहिक बढ़त लेकर 31,075 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के बाद 30,925 रुपए प्रति 10 ग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 100 रुपए मजबूत होकर 24,300 रुपए रही। स्थानीय बाजार में चांदी हाजिर 175 रुपए फिसलकर 46,125 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा 275 रुपए मजबूत होकर 46,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सिक्का लिवाली एवं बिकवाली क्रमश: 75 हजार तथा 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे। कारोबारियों ने बताया कि विदेशी बाजारों की गिरावट के बीच स्थानीय मांग से सोने में मजबूती रही है जबकि, औद्योगिक मांग सुस्त रहने से चांदी कमजोर हुई है।

Advertising