चांदी 350 रुपए फिसली, सोना स्थिर

Saturday, Sep 10, 2016 - 04:12 PM (IST)

नई दिल्लीः वैश्विक सर्राफा बाजारों में सप्ताहांत पर गिरावट के दबाव में दिल्ली सर्राफा बाजार में आज चांदी 350 रुपए फिसलकर 45,800 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सोने में भी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कल गिरावट देखी गई लेकिन स्थानीय मांग आने से आज यह गत दिवस के 31,150 रुपए प्रति दस ग्राम पर स्थिर बंद होने में कामयाब रहा। लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, वहां शुक्रवार को सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन सोना हाजिर 10 डॉलर लुढ़ककर 1,327.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 9.8 डॉलर फिसलकर 1,331.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया।  

 

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, फेडरल रिजर्व के एक अधिकारी के ब्याज दरों में बढ़ौतरी के संकेत वाले बयान से डॉलर मजबूत हुआ है जिससे पीली धातु पर दबाव पड़ा है। फेड की 2 दिवसीय बैठक 20 और 21 सितंबर को होनी है। इसके अलावा यूरोपीय केंद्रीय बैंक के नीतिगत दरों को यथावत रखने से भी सोने में गिरावट आई है। लंदन में सप्ताहांत पर चांदी 0.55 डॉलर लुढ़ककर 19.04 डॉलर प्रति औंस रह गई। 

 

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहे: 

सोना स्टैंडर्ड (प्रति 10 ग्राम)- 31,150 

सोना बिटुर (प्रति 10 ग्राम)- 31,000 

चांदी हाजिर (प्रति किलोग्राम)- 45,800 

चांदी वायदा (प्रति किलोग्राम)- 46,195 

सिक्का लिवाली (प्रति सैकड़ा)- 75,000 

सिक्का बिकवाली (प्रति सैकड़ा)- 76,000 

गिन्नी (प्रति 8 ग्राम)- 24,400 

Advertising