कोरोना काल में 22.58% बढ़ा सोने का आयात, जानिए क्या रही वजह

Sunday, Apr 18, 2021 - 04:07 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः बीते वित्त वर्ष 2020-21 में सोने का आयात 22.58 प्रतिशत बढ़कर 34.6 अरब डॉलर या 2.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोने का आयात चालू खाते के घाटे (कैड) को प्रभावित करता है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ा है। आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष के दौरान चांदी का आयात 71 प्रतिशत घटकर 79.1 करोड़ डॉलर रह गया। इससे पिछले वित्त वर्ष 2019-20 में सोने का आयात 28.23 अरब डॉलर रहा था। 

यह भी पढ़ें- कोविड की दूसरी लहर से अनिश्चितता बढ़ेगी, जरूरत होने पर सरकार कदम उठाएगी: राजीव कुमार

GJEPC के चेयरमैन ने दी जानकारी
सोने के आयात में बढ़ोतरी के बावजूद बीते वित्त वर्ष में देश का व्यापार घाटा कम होकर 98.56 अरब डॉलर रह गया। 2019-20 में यह 161.3 अरब डॉलर रहा था। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्द्धन परिषद (जीजेईपीसी) के चेयरमैन कोलिन शाह ने कहा कि घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ रहा है। शाह ने कहा कि अक्षय तृतीया तथा शादी-ब्याज के सीजन की वजह से सोने का आयात और बढ़ सकता है। इससे चालू खाते का घाटा भी बढ़ेगा। 

यह भी पढ़ें- दुनिया भर में Twitter फिर हुआ डाउन, लॉग आउट करने में भी आई दिक्कत

रत्न एवं आभूषणों का निर्यात घटा
देश में विदेशी मुद्रा के आने और यहां से बाहर जाने का अंतर कैड कहलाता है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का आयातक है। मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है। बीते वित्त वर्ष में रत्न एवं आभूषणों का निर्यात 27.5 प्रतिशत घटकर 26 अरब डॉलर रह गया। मात्रा के हिसाब से भारत हर साल 800 से 900 टन सोने का आयात करता है। सरकार ने बजट में सोने पर आयात शुल्क 12.5 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया है। 

यह भी पढ़ें- SpiceJet ने यात्रियों को दी राहत, यात्रा के 5 दिन पहले बदलाव में नहीं लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज

jyoti choudhary

Advertising