सोना 85 रुपए लुढ़का, चांदी 570 रुपए सस्ती

Sunday, May 19, 2019 - 12:12 PM (IST)

नई दिल्लीः वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं के दाम में रही गिरावट के बीच घरेलू जेवराती ग्राहकी घटने से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 85 रुपए की साप्ताहिक गिरावट में 32,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस बीच औद्योगिक मांग कमजोर पड़ने से चांदी भी 570 रुपए उतरकर 37,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। 

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर की मजबूती से सोने की मांग पर विपरीत असर पड़ा। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, वहां सोना हाजिर गत सप्ताह 8.50 डॉलर की साप्ताहिक गिरावट के साथ शुक्रवार को 1,277.25 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी 9.40 डॉलर की गिरावट में सप्ताहांत पर 1,277.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। सोने की तरह अंतररष्ट्रीय बाजार में चांदी भी 0.19 डॉलर उतरकर 14.55 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। 

वैश्विक दबाव और स्थानीय मांग की सुस्ती से आलोच्य सप्ताह के दौरान सोना स्टैंडडर् 85 रुपए की गिरावट में 32,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,700 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी हालांकि 100 रुपए की तेजी में 26,500 रुपए पर पहुंच गई। 

विदेशों के अनुरूप दिल्ली सर्राफा बाजार में भी चांदी में गिरावट रही। चांदी हाजिर 570 रुपए उतरकर 37,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा 445 रुपए की साप्ताहिक गिरावट में सप्ताहांत पर 36,580 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 79 हजार और 80 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे। 

jyoti choudhary

Advertising