Gold Price Today: सोना आज फिर हुआ सस्ता, चांदी के दाम में भी आई गिरावट

Friday, Mar 12, 2021 - 11:47 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय बाजारों में आज फिर सोने और चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार यानी 12 मार्च 2021 को एमसीएक्स पर सोना 0.40 फीसदी गिरकर 44,700 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जबकि चांदी 0.66 फीसदी घटकर 67,100.00 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। सोने ने पिछले साल अगस्त में 57,000 के उच्चतम स्तर को छुआ था। पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में 0.11% की बढ़त हुई जबकि चांदी में 0.2% की बढ़त रही। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश के कारण एमसीएक्स बाजार सुबह के सत्र के लिए बंद था। 

वैश्विक बाजारों में इतना रहा दाम 
वैश्विक बाजारों में सोने की दरें कम हुईं लेकिन इस सप्ताह यह एक फीसदी ऊपर रही। आज हाजिर सोना 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ 1,718 डॉलर प्रति औंस पर था। अन्य कीमती धातुओं में, चांदी की कीमत 26.11 डॉलर प्रति औंस पर सपाट थी, लेकिन पूरे सप्ताह में इसमें 3.5 फीसदी की तेजी आई।

सोने की कीमत पर आधारित होते हैं स्वर्ण ईटीएफ 
दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड समर्थित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड या गोल्ड ईटीएफ, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग्स गुरुवार को 0.5 फीसदी गिरकर 1,055.27 टन हो गई। स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं और उसके दाम में आने वाली घट-बढ़ पर ही इसका दाम भी घटता बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है। 

सरकार ने घटाया था सोने-चांदी पर आयात शुल्क  
सरकार ने एक फरवरी 2021 को सोने और चांदी पर आयात शुल्क में कटौती की घोषणा की थी। इस कदम से घरेलू बाजार में इन मूल्यवान धातुओं की कीमतों को नीचे लाने में मदद मिलेगी तथा रत्न एवं आभूषण निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2021-22 का बजट पेश करते हुए कहा कि, 'वर्तमान में सोना और चांदी पर 12.5 फीसदी सीमा शुल्क लगाया जाता है। चूंकि, जुलाई 2019 में शुल्क 10 फीसदी से बढ़ा दिया गया था, इसलिए कीमती धातुओं के मूल्य में तेजी से वृद्धि हुई, इसे पिछले स्तर के करीब लाने के लिए हम सोना और चांदी पर सीमा शुल्क को युक्तिसंगत बना रहे हैं।' सोना और चांदी पर सीमा शुल्क कम कर 7.5 फीसदी किया गया है। 

jyoti choudhary

Advertising