चांदी सवा साल, सोना सात सप्ताह के निचले स्तर पर

Saturday, Jul 08, 2017 - 03:19 PM (IST)

नई दिल्लीः वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में सप्ताहांत की बड़ी गिरावट का असर आज दिल्ली सर्राफा बाजार पर दिखा जहां सोना 250 रुपए लुढ़ककर साढ़े सात सप्ताह से अधिक के निचले स्तर 28,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर और चांदी 800 रुपए की बड़ी गिरावट के साथ सवा साल के निचले स्तर 37,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

पिछले साल सोने पर उत्पाद शुल्क लगाने के विरोध में देश भर के सर्राफा कारोबारियों की 42 दिन की हड़ताल के बाद से यह पहला मौका है जब चांदी 38 हजार से नीचे उतरी है। कारोबारियों ने 2 मार्च 2016 से हड़ताल की थी। हड़ताल से पहले 36,800 रुपए पर रही चांदी हड़ताल टूटने के बाद 38,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली और आज पहली बार 38 हजार से नीचे उतरी है।

दोनों कीमती धातुओं में गिरावट का मुख्य कारण विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर इनका टूटना रहा है। शुक्रवार को भारतीय बाजार बंद होने के बाद विदेशों में सोने-चांदी पर दबाव और बढ़ गया। सोना अंतत: एक प्रतिशत और चाँदी करीब तीन प्रतिशत की गिरावट में बंद हुई। सोना हाजिर 12 डॉलर टूटकर 1,224.75 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा भी 11.40 डॉलर की गिरावट के साथ 1,211.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमरीका में शुक्रवार को जारी रोजगार आंकड़े उम्मीद से कहीं मजबूत रहने से सोने पर दबाव रहा। जून में अमरीका में दो लाख 22 हजार नए रोजगार मिले। इससे अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत मिलते हैं। इस कारण ब्याज नहीं देने वाली पीली धातु के भाव फिसल गए। 

Advertising