गोदरेज प्रॉपर्टीज की 2025-26 में बिक्री बुकिंग 16% बढ़कर रिकॉर्ड 34,171 करोड़ रुपए

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 12:54 PM (IST)

नई दिल्लीः रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड की बिक्री बुकिंग गत वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत आवासीय मांग के दम पर सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 34,171 करोड़ रुपये हो गई। 'बिक्री बुकिंग' (प्री-सेल) के लिहाज से गोदरेज प्रॉपर्टीज के 2025-26 में सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों में सबसे बड़ी कंपनी बनने की संभावना है। कंपनी ने गत वित्त वर्ष के लिए 32,500 करोड़ रुपए की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा था जिसे उसने पार कर लिया है। 

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ''वित्त वर्ष 2025-26 में बुकिंग मूल्य सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 34,171 करोड़ रुपए रहा। यह 17,515 इकाइयों की बिक्री के जरिये हासिल हुआ, जिनका कुल क्षेत्रफल 2.7 करोड़ वर्ग फुट है। मात्रा के लिहाज से सालाना आधार पर पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह भारत में किसी भी सूचीबद्ध रियल एस्टेट डेवलपर द्वारा अब तक घोषित सबसे अधिक वार्षिक बुकिंग मूल्य एवं मात्रा है।'' 

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडे ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का संतुलित प्रदर्शन भारत के प्रमुख महानगरीय बाजारों में उच्च गुणवत्ता वाले मकानों की मजबूत मांग को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कंपनी के पास वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मजबूत परियोजनाएं प्रक्रियाधीन हैं और भविष्य में भी वृद्धि के लिए निवेश जारी रखेंगे। गोदरेज प्रॉपर्टीज मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), पुणे, दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), बेंगलुरु और हैदराबाद में आवासीय परियोजनाएं विकसित करती है। कंपनी देश के कई शहरों में आवासीय भूखंडों की बिक्री भी करती है।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News