GM ने भारत से शेवरले बीट सेडान का निर्यात शुरू किया

Monday, Jun 26, 2017 - 02:22 PM (IST)

नई दिल्ली: अमरीकी वाहन कंपनी जनरल मोटर्स ने भारत में महाराष्ट्र के पुणे स्थित अपने तालेगांव कारखाने में विनिर्मित शेवरले बीट के सेडान संस्करण का निर्यात लातिन अमरीकी देशों को आज शुरू किया। कंपनी ने यहां अपनी कारों की बिक्री इस साल के अंत तक बंद करने का फैसला किया है।

जनरल मोटर्स ने एक बयान में कहा कि पांच जून 2017 को उत्पाद शुरू होने के बाद शेवरले बीट सेडान की 1,200 इकाई लातिन अमेरकी देशों को भेजी गई। इस वर्ष की शुरूआत में जी.एम. इंडिया ने शेवरले बीट हैचबैक का निर्यात लातिन अमरीकी देशों को शुरू किया था।

जी.एम. इंडिया के उपाध्यक्ष (विनिर्माण) आसिफ खत्री ने कहा कि तालेगांव कारखाना कंपनी के लिए प्रमुख निर्यात विनिर्माण केंद्र है। उन्होंने  कहा, कंपनी का निर्यात पिछले एक साल में तीन गुना से अधिक हो गया है। मई में जी.एम. भारत की तीसरी सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता कंपनी बनी। कंपनी ने पिछले महीने रिकार्ड 8,297 इकाई वाहनों का निर्यात किया। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने कंपनी ने 2017 के अंत तक देश में अपने वाहनों की बिक्री रोकने का फैसला किया है। करीब दो दशक तक संघर्ष करने के बाद भी यहां अपनी स्थिति मजबूत करने में नाकाम रहने के बाद कंपनी ने यह निर्णय किया।

Advertising