वैश्विक व्यापार के समक्ष चुनौतियां, भारत को निर्यात बढ़ाने की जरूरत: प्रभु

Friday, Mar 23, 2018 - 03:45 PM (IST)

नई दिल्लीः वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने आज कहा कि अमेरिका के संरक्षणवादी उपायों से दुनिया के सामने गंभीर चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं और भारत को निर्यात बढ़ाने के लिए उपाय तलाशने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने सभी प्रमुख व्यापार सहयोगियों के खिलाफ कदम उठा रहा है। इसमें चीन भी शामिल है। 

वाणिज्य मंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीनी आयातों पर 60 अरब डॉलर का आयात शुल्क लगाया है। साथ ही भारत के मामले में इस्पात और एल्युमीनियम पर आयात शुल्क बढ़ाया है। उन्होंने कहा, "यह वास्तविकता है कि दुनिया गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है इस संदर्भ में हमें निर्यात को बढ़ाना है।" 

प्रभु ने कहा कि भारत नियम आधारित पारदर्शी और भागीदारी वाली व्यापार प्रणाली में भरोसा करता है और हाल ही में उसने डब्ल्यूटीओ में नई जान फूंकने के इरादे से वैश्विक व्यापार निकाय के प्रमुख सदस्य देशों को आमंत्रित किया था। अमेरिका और चीन के बीच संभावित व्यापार युद्ध के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "अगर कोई भी देश एकतरफा कार्रवाई करता है, हम निश्चित रूप से उस पर गौर करेंगे और उससे समुचित तरीके से निपटेंगे।"

Punjab Kesari

Advertising