निसान के पूर्व चेयरमैन की अघोषित आय 7.1 करोड़ डॉलर तक, हो सकती है 10 साल की जेल
Friday, Nov 23, 2018 - 06:07 PM (IST)
तोक्योः निसान के चेयरमैन पद से हटाए गए कार्लोस घोसन की कुल अघोषित आय 7.1 करोड़ डॉलर तक पहुंच सकती है। पहले जितना समझा गया था यह उससे कहीं अधिक है। शुक्रवार को जापानी मीडिया में छपी रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है। अभियोजकों ने सोमवार को कार्लोस घोसन को गिरफ्तार किया। उप-प्रमुख अभियोजक सिन कुकीमोटो ने कहा कि जापान के वित्तीय कानून के तहत घोसन का मामला एक बहुत ही गंभीर किस्म का अपराध है। इसमें घोसन को 10 साल की जेल हो सकती है।
अभियोजकों ने उन्हें और उनके साथी कार्यकारी ग्रेग कैली पर जून 2011 से जून 2015 के दौरान कार्लोस की आय को 5 अरब येन (4.40 करोड डॉलर) कम बताने का आरोप लगाया है। निक्केई बिजनेस डेली और असाही शिमबन की खबर के अनुसार घोसन के पास तीन अरब येन की और अघोषित आय हो सकती है, जो आगे के तीन वित्तीय वर्षों में बढऩे की संभावना है। असाही ने कहा लोक अभियोजक घोसन को अब कुल आठ अरब येन (7.1 करोड़ डॉलर) की अघोषित आय के लिए फिर से गिरफ्तार करने की योजना बना रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि निसान के पूर्व चेयरमैन घोसन को अपनी आय कम दिखाने के चलते जापान में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। साथ ही उनके साथी कार्यकारी ग्रेग केली को भी गिरफ्तार किया गया। बृहस्पतिवार को निसान के निदेशक मंडल ने बैठक कर घोसन को कंपनी के चेयरमैन पद से बर्खास्त कर दिया। जापान की समाचार एजेंसी ने अलग से बताया है कि निसाल ने घोसन की बहन को 2002 से प्रति वर्ष एक लाख डॉलर का भुगतान किया है लेकिन उनका कंपनी समूह में सलाहकार के तौर पर काम करने का कोई रिकार्ड उपलब्ध नहीं है।