रत्न एवं आभूषण निर्यात में 2.44% की बढ़ोतरी, अप्रैल-जुलाई में 9.17 अरब डॉलर पर पहुंचा कारोबार
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 02:52 PM (IST)
नई दिल्लीः भारत का सकल रत्न एवं आभूषण निर्यात अप्रैल-जुलाई 2026 के दौरान 2.44 प्रतिशत बढ़कर 9.17 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान जड़ाऊ सोने के आभूषणों के निर्यात में 21.09 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (GJEPC) ने यह जानकारी दी।
निर्यात में बढ़ोतरी मुख्य रूप से वैल्यू-एडेड सेगमेंट के बेहतर प्रदर्शन से हुई। चार महीने की अवधि में चांदी के आभूषणों का निर्यात 72.19 प्रतिशत और प्लैटिनम आभूषणों का निर्यात 17.20 प्रतिशत बढ़ा। वहीं, पॉलिश्ड लैब-ग्रोन डायमंड के निर्यात में 7.47 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, जुलाई में कुल रत्न एवं आभूषण निर्यात लगभग स्थिर रहा। जुलाई 2026 में निर्यात 2.35 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल के इसी महीने के 2.34 अरब डॉलर के मुकाबले सिर्फ 0.38 प्रतिशत अधिक है।
जुलाई में सोने के आभूषणों के निर्यात में 8.73 प्रतिशत की वृद्धि हुई। जड़ाऊ सोने के आभूषणों के निर्यात में 21.36 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। GJEPC के अनुसार, यूएई, हांगकांग और सिंगापुर से मांग ने इस वृद्धि को समर्थन दिया।
अप्रैल-जुलाई में सोने के आभूषण सबसे आगे
अप्रैल-जुलाई के दौरान सादे और जड़ाऊ आभूषणों समेत सोने के आभूषण सबसे बड़ा निर्यात सेगमेंट रहे। इस श्रेणी का निर्यात 5.87 प्रतिशत बढ़कर 4.03 अरब डॉलर हो गया। इसमें जड़ाऊ सोने के आभूषणों का निर्यात 2.24 अरब डॉलर रहा। इसी अवधि में चांदी के आभूषणों का निर्यात बढ़कर 508.18 मिलियन डॉलर और प्लैटिनम आभूषणों का निर्यात 77.82 मिलियन डॉलर रहा। पॉलिश्ड लैब-ग्रोन डायमंड का निर्यात 408.50 मिलियन डॉलर दर्ज किया गया।
जुलाई में कट और पॉलिश्ड डायमंड का निर्यात घटा
जुलाई के दौरान कुछ प्रमुख निर्यात श्रेणियों का प्रदर्शन कमजोर रहा। कट और पॉलिश्ड डायमंड के निर्यात में 18.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, पॉलिश्ड लैब-ग्रोन डायमंड का निर्यात 8.23 प्रतिशत घटा। चांदी और प्लैटिनम आभूषणों के निर्यात में भी जुलाई के दौरान मामूली गिरावट दर्ज की गई।
सोने की कीमतों में भी गिरावट
जुलाई में सोने की कीमत 3.88 प्रतिशत घटकर 4,073.92 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस रही, जबकि जून में यह 4,238.32 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस थी। जून में भी सोने की कीमत में महीने-दर-महीने 10.28 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी।
GJEPC के चेयरमैन किरीट भंसाली ने निर्यात प्रदर्शन को लेकर उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि IIJS Bharat Premiere 2026 को अच्छी प्रतिक्रिया मिली और इसमें 80 देशों से 5,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों समेत 61,000 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से हुए कारोबार के आने वाले महीनों में शिपमेंट में बदलने की उम्मीद है, जिससे भारत के निर्यात प्रदर्शन को समर्थन मिलेगा।
भंसाली ने यह भी कहा कि हाल में पेश Taxation and Other Laws (Amendment) Bill 2026 भारत को वैश्विक डायमंड ट्रेडिंग हब बनाने की दिशा में मदद कर सकता है। इसके तहत विशेष अधिसूचित क्षेत्रों (Special Notified Zones) के जरिए कच्चे हीरों का कारोबार करने वाली विदेशी कंपनियों को 15 साल की आयकर छूट देने का प्रावधान है।
