दुनिया के पांचवें सबसे अमीर आदमी बने गौतम अडानी, वॉरेन बफे को भी पछाड़ा

Monday, Apr 25, 2022 - 01:51 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों की सूची में भारतीयों का दबदबा कायम है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने एक नया मुकाम हासिल किया है। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट के अनुसार, अडानी दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। अडानी की कुल नेटवर्थ 123.1 अरब डॉलर आंकी गई है। उन्होंने के वॉरेन बफेट को पीछे छोड़ते हुए यह स्थान हासिल किया। वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं। इस तरह दुनिया के 10 सबसे रईस लोगों में दो भारतीय हैं।

123 अरब डॉलर हुई अडानी की नेटवर्थ 
गौतम अडानी लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ते जा रहे हैं। दुनियाभर के अरबपतियों में भारतीयों का झंडा बुलंद करते हुए वह अब पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, 123 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अडानी पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि पहले से इस नंबर पर मौजूद वॉरेन बफे 121.7 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ छठे स्थान पर खिसक गए हैं। अब अडानी से आगे दुनिया के सबसे अमीर एलन मस्क, अमेजन के जेफ बेजोस, बर्नार्ड अरनॉल्ट और बिल गेट्स रह गए हैं। माक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स से गौतम अडानी महज सात अरब डॉलर पीछे हैं। 

मुकेश अंबानी आठवें पायदान पर पहुंचे 
एक ओर जहां गौतम अडानी अरबपतियों की सूची में लंबी छलांग लगा रहे हैं, तो इसमें शामिल दूसरे भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी भी अपनी हैसियत को बढ़ाते जा रहे हैं। मुकेश अंबानी 103.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग लगातर नीचे खिसकते जा रहे हैं। टॉप-10 की सूची से तो वह पहले ही बाहर हो गए थे, अब उनकी संपत्ति और भी कम हो गई है और 66.1 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ जकरबर्ग 19वें पायदान पर खिसक गए हैं।  

एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर आदमी
दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में पहले स्थान पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का कब्जा बरकरार है। मस्क 269.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ पहले स्थान पर पांव जमाए हुए हैं। वहीं 170.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अमेजन के जेफ बेजोर दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। फ्रांस के उद्योगपति बर्नार्ड अरनॉल्ट 166.8 अरब डॉलर और माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स 130.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर काबिज हैं। अन्य अरबपतियों की बात करें तो लैरी एलिसन 107.6 अरब डॉलर के साथ सातवें स्थान पर, लैरी पेज 102.4 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ नौवें और सर्गेई ब्रिन 98.5 अरब डॉलर के साथ दसवें पायदान पर हैं। 

jyoti choudhary

Advertising