Gas Booking Rules: कुछ ही दिनों में कई बार बदले गैस बुकिंग नियम, पहले 21 दिन, फिर 25 और अब...

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 01:37 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः देशभर में बढ़ती रसोई गैस की मांग और जमाखोरी की शिकायतों को देखते हुए केंद्र सरकार ने एलपीजी बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा सिलेंडर कम से कम 45 दिनों बाद ही बुक कर सकेंगे। पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि यह कदम गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है।

इस फैसले का असर मध्य प्रदेश सहित देश के कई ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लाखों एलपीजी उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। उज्जवला योजना और सामान्य कनेक्शन वाले परिवारों को अब गैस का इस्तेमाल अधिक सावधानी से करना होगा, क्योंकि एक सिलेंडर खत्म होने के बाद अगला सिलेंडर बुक करने के लिए तय समय का इंतजार करना पड़ेगा।

क्यों बदले गए नियम

हाल के दिनों में एलपीजी सिलेंडरों की अचानक बढ़ी बुकिंग और जमाखोरी की कई शिकायतें सामने आई थीं। कई राज्यों में गोदामों पर छापेमारी भी की गई। कई उपभोक्ताओं ने जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया था, जिससे असली जरूरतमंद लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही थी। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण सरकार ने सप्लाई संतुलित रखने के लिए यह फैसला लिया है।

कुछ ही दिनों में कई बार बदले नियम

एलपीजी बुकिंग से जुड़े नियम हाल के दिनों में तेजी से बदले हैं। पहले सिलेंडर बुकिंग के बीच कोई तय समय सीमा नहीं थी। 6 मार्च को पहली बार 21 दिन का अंतर तय किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया। अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए इसे बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया है। हालांकि शहरी उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल 25 दिन का अंतर ही लागू रहेगा।

ग्रामीण इलाकों में असर

मध्य प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार उज्जवला योजना और सामान्य एलपीजी कनेक्शन पर निर्भर हैं। ऐसे में नए नियम लागू होने के बाद कई परिवारों को गैस का इस्तेमाल अधिक सावधानी से करना होगा। संयुक्त परिवारों में गैस की खपत अधिक होने के कारण दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं।

फर्जीवाड़ा रोकने के लिए OTP सिस्टम

अधिकारियों के अनुसार अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय उपभोक्ता के मोबाइल पर OTP भेजा जाएगा। सही OTP बताने के बाद ही डिलीवरी पूरी मानी जाएगी। इससे गलत डिलीवरी और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

सरकार की अपील

सरकार ने लोगों से अपील की है कि पैनिक बुकिंग या जरूरत से ज्यादा सिलेंडर स्टॉक न करें, क्योंकि इससे अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है और कालाबाजारी को बढ़ावा मिलता है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News