ट्रंप के कोरोना पॉजिटिव होने से दुनियाभर के शेयर बाजारों में कोहराम, कच्चे तेल में भारी गिरावट

Friday, Oct 02, 2020 - 02:06 PM (IST)

नई दिल्लीः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलेनिया ट्रंप को कोविड-19 संक्रमण की खबरों के बाद अमेरिका शेयरों के वायदा कारोबार और एशियाई बाजारों में गिरावट आई। एसएंडपी 500 और डाउ इंडस्ट्रियल्स के वायदा अनुबंधों दोनों में 1.9 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा कच्चे तेल के दाम भी फिसल गए। भारतीय शेयर बाजार आज 2 अक्टूबर यानी गांधी जंयती के चलते बंद हैं।

एशियाई बाजारों में चीन के शंघाई कम्पोजिट तथा हांगकांग के हैंगसेंग शुक्रवार को बंद थे। जापान का निक्की शुरुआती लाभ गंवाकर 0.8 प्रतिशत के नुकसान से 22,999.75 अंक पर आ गया। ऑस्ट्रेलिया का बेंचमार्क एसएंडपी/एएसएक्स 200 एक प्रतिशत टूटकर 5,815.90 अंक पर आ गया। सिंगापुर, थाइलैंड और इंडोनेशिया के बाजारों में भी गिरावट आई।

ट्टीट से दी जानकारी
ट्रंप ने ट्वीट कर अपने कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘आज रात, मेलानिया और मेरे कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। हम तत्काल पृथक-वास और उपचार की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। हम इसका एकसाथ सामना करेंगे।’ ट्रम्प के डॉक्टर सीन कॉनली ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम उन्हें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इससे पहले व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी होप हिक्स इस वायरस से संक्रमित पाए गए थे। हिक्स इस सप्ताह कई बार राष्ट्रपति के साथ यात्रा कर चुके हैं।
 

jyoti choudhary

Advertising