शेयर बाजार से लेकर क्रिप्टो, सोना-चांदी सब धड़ाम, निवेशकों को हुआ भारी नुकसान

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 04:22 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को केंद्रीय बजट 2026 पेश किया लेकिन बजट से शेयर बाजार को खास राहत नहीं मिली। बजट भाषण खत्म होते ही बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली और सेंसेक्स एक समय 2,370 अंक तक लुढ़क गया। हालांकि बाद में बाजार में हल्की रिकवरी आई लेकिन निवेशकों की चिंता बनी रही।

बजट वाले दिन सिर्फ शेयर बाजार ही नहीं, बल्कि सोना, चांदी और क्रिप्टोकरेंसी बाजार भी दबाव में नजर आए। ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट में पिछले 24 घंटे के दौरान 18 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की वैल्यू स्वाहा हो गई।

क्रिप्टो मार्केट कैप में 6% से ज्यादा गिरावट

कॉइनमार्केटकैप के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में क्रिप्टो का ग्लोबल मार्केट कैप 6 फीसदी से ज्यादा गिर गया। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे यह 2.83 ट्रिलियन डॉलर था, जो घटकर 2.63 ट्रिलियन डॉलर रह गया यानी एक दिन में करीब 0.20 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 18 लाख करोड़ रुपए) की गिरावट दर्ज की गई।

80 हजार डॉलर से नीचे फिसला बिटकॉइन

रविवार को बिटकॉइन की कीमत में भी तेज गिरावट देखने को मिली। 24 घंटे में यह करीब 6 फीसदी टूटकर 80 हजार डॉलर के नीचे आ गया। दोपहर करीब 2 बजे बिटकॉइन 78,600 डॉलर के आसपास कारोबार करता दिखा। अन्य प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में भी भारी गिरावट आई। इथेरियम 8 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गई, सोलाना में भी करीब 8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जबकि पाई नेटवर्क कॉइन 4 फीसदी से ज्यादा टूट गया।

बजट से क्रिप्टो निवेशकों को कोई राहत नहीं

बजट 2026 में क्रिप्टोकरेंसी निवेशकों को कोई राहत नहीं दी गई। उम्मीद थी कि सरकार मुनाफे पर लगने वाले 30 फीसदी टैक्स में कटौती करेगी या नुकसान को सेट-ऑफ करने की अनुमति देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके अलावा फेडरल रिजर्व में संभावित नेतृत्व परिवर्तन, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं ने भी क्रिप्टो बाजार पर दबाव बढ़ाया।

STT बढ़ने से शेयर बाजार में हड़कंप

रविवार को शेयर बाजार में आई गिरावट की बड़ी वजह फ्यूचर्स और ऑप्शंस पर लगने वाले सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में बढ़ोतरी रही। बजट में इस ऐलान के बाद निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। इसका असर बाजार की कुल वैल्यू पर भी पड़ा। बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैप करीब 6 लाख करोड़ रुपये घटकर 453.87 लाख करोड़ रुपये रह गया।

सोना-चांदी में भी तेज गिरावट

बजट के दिन कमोडिटी बाजार भी दबाव में रहा। MCX पर गोल्ड 2.66 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और भाव 1,48,300 रुपए प्रति 10 ग्राम तक आ गया। वहीं, सिल्वर 9 फीसदी टूटकर 2,65,652 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News