Lupin के फाउंडर और चेयरमैन देश बंधु गुप्ता का निधन

Monday, Jun 26, 2017 - 02:14 PM (IST)

नई दिल्लीः दवा कंपनी ल्यूपिन के संस्थापक और कंपनी के निदेशक मंडल के अध्यक्ष देशबंधु गुप्ता का आज मुंबई में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे उनके परिवार में पत्नी, चार बेटियां और एक बेटा है। राजस्थान के राजगढ़ में जन्मे गुप्ता राष्ट्रवादी सोच के थे और समग्र विकास की अवधारणा में विश्वास रखते थे। उन्होंने 1968 में यह कंपनी बनाई थी और आज यह एक विश्व स्तरीय दवा कंपनी बन गई है और 100 से अधिक देशों में काम कर रही है। गुप्ता ने गरीबी कम करने और स्वास्थ्य विकास के कार्यों में हाथ बटाने के लिए 1988 में ल्यूपिन हयूमन वेल्फेयर एण्ड रिसर्च फाउंडेशन बनाया था।

दुनिया की चौथी सबसे बड़ी दवा कंपनी 
ल्यूपिन की मुख्य कार्यपालक अधिकारी विनिता गुप्ता और प्रबंध निदेशक नीलेश गुप्ता ने एक संयुक्त बयान में कहा, हम अपने पिता के निधन से बहुत गहरे दुख में हैं। उनका निधन आज सुबह हुआ। कंपनी ने देश बंधु गुप्ता की मृत्यु के कारण के बारे में कुछ नहीं कहा है। उनके नेतृत्व में ल्यूपिन ने घरेलू बाजार में कारोबार शुरू किया था। आज इसका विस्तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो चुका है और बाजार पूंजीकरण के लिहाज से यह दुनिया में चौथी सबसे बड़ी जेनेरिक औषधि कंपनी है।

Advertising