नौ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा देश का विदेशी मुद्रा भंडार, पाकिस्तान में भी बढ़ा

Saturday, Apr 22, 2023 - 11:08 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत के विदेशी मुद्रा भंडार के मोर्चे पर लगातार दूसरे सप्ताह अच्छी खबर मिली है। बीते 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व में 1.65 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले, 7 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान भी इसमें 6.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। अब देश का विदेशी मुद्रा भंडार 586.41 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। यह जुलाई 2022 के बाद का शीर्ष स्तर है। उधर, पड़ोसी देश पाकिस्तान में देखें तो वहां के विदेशी मुद्रा भंडार में भी बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले वहां लगातार तीन सप्ताह तक विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट हुई थी। वहां 14 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में 39.42 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। अब वहां का विदेशी मुद्रा भंडार 4.43 अरब डॉलर का हो गया है।

भारत के डॉलर भंडार में बढ़ोतरी

रिजर्व बैंक की तरफ से से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान अपने विदेशी मुद्रा भंडार में 1.65 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इसी के साथ अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार 586.41 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इससे पहले 7 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान भी अपने विदेशी मुद्रा भंडार में 6.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। इससे पहले, अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

फॉरेन करेंसी एसेट्स में भी हुई बढ़ोतरी

रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों पर गौर करें तो 14 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान अपना अपना फॉरेन करेंसी असेट भी बढ़ा है। आलोच्य सप्ताह के दौरान यह 2.20 अरब डॉलर बढ़कर 516.635 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किए जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
 

jyoti choudhary

Advertising