विदेशी मुद्रा भंडार 440 अरब डॉलर के पार

Friday, Oct 25, 2019 - 06:20 PM (IST)

मुंबईः देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार चौथे सप्ताह वृद्धि दर्ज की गई और गत 18 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में यह 1.03 अरब डॉलर बढ़कर 440.75 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। गत 11 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में यह 1.87 अरब डॉलर बढ़कर 439.71 अरब डॉलर पर रहा था। इससे पहले चार अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में यह 4.24 अरब डॉलर बढ़कर 437.83 अरब डॉलर पर और 27 सितंबर को समाप्त सप्ताह में यह 5.02 अरब डॉलर उछलकर 433.59 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर रहा था।

रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 18 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 93.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 408.81 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान स्वर्ण भंडार 8.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 26.86 अरब डॉलर पर रहा। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.7 करोड़ डॉलर बढ़कर 3.64 अरब डॉलर के पार और विशेष आहरण अधिकार 90 लाख डॉलर की वृद्धि के साथ 1.44 अरब डॉलर के पार पहुंच गया। 
 

jyoti choudhary

Advertising