विदेशी मुद्रा भंडार 437.83 अरब डॉलर के नए उच्चस्तर पर

Saturday, Oct 12, 2019 - 10:41 AM (IST)

नई दिल्लीः देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार दूसरे सप्ताह बड़ी वृद्धि के साथ 437.83 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 04 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 4.24 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई और यह 437.83 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो इसका अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। इससे पहले 27 सितंबर को समाप्त सप्ताह में यह 5.02 अरब डॉलर उछलकर 433.59 अरब डॉलर के तत्कालीन रिकॉर्ड स्तर पर रहा था।

आंकड़ों के अनुसार, 4 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति चार अरब डॉलर बढ़कर 405.61 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान स्वर्ण भंडार भी 23.2 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 27.18 अरब डॉलर हो गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 90 लाख डॉलर बढ़कर 3.62 अरब डॉलर और विशेष आहरण अधिकार 10 लाख डॉलर की वृद्धि के साथ 1.43 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

Supreet Kaur

Advertising