वॉलमार्ट डील से Flipkart के कर्मचारी हुए मालामाल, हुआ 50 करोड़ डॉलर का फायदा

Thursday, May 10, 2018 - 11:28 AM (IST)

नई दिल्लीः वॉलमार्ट और फ्लिपकार्ट डील से फ्लिपकार्ट के कर्मचारी मालामाल हो गए हैं। कंपनी में शेयर रखने वाले कर्मचारियों को लगभग 50 करोड़ डॉलर का फायदा हुआ है। अमेरिकी खुदरा कंपनी वॉलमार्ट ने फ्लिपकॉर्ट की 77 फीसदी हिस्सेदारी करीब 16 अरब डॉलर (एक लाख 5 हजार 360 करोड़ रुपए) में खरीद लिया है। वॉलमार्ट का यह अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण है।

कर्मचारी बनेंगे करोड़पति
कंपनी में ईसॉप्स (एंप्लॉयी स्टॉक ओनरशिप प्लान) यानी शेयर रखने वाले 100 कर्मचारि‍यों को इसका बड़ा फायदा हुआ है। खबरों के अनुसार वॉलमार्ट की ओर से फ्लिपकार्ट के कर्मचारियों को शेयर बेचने के लिए 100 फीसदी बायबैक का ऑफर दिया जाएगा। इन कर्मचारियों के पास जो शेयर मौजूद हैं वो करीब 13455 करोड़ रुपए के हैं। इस डील के बाद यह कर्मचारी अपने शेयर फ्लिपकार्ट को बेच सकते हैं, जिसके बाद यह सभी कर्मचारी करोड़पति बन जाएंगे। फ्लिपकार्ट के 100 मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के पास जो ईसॉप्स हैं, उनमें से हरेक के लिए इसकी वैल्यू 1 करोड़ डॉलर (करीब 65 करोड़ रुपए) से अधिक होगी। 

फ्लिपकार्ट ने भी दिए चार मौके 
फ्लिपकार्ट ने ईसॉप्स रखने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर इसे बेचने का मौका दिया है। पिछले साल दिसंबर में कंपनी ने चौथा ईसॉप रीपरचेज प्रोग्राम पूरा किया था। इसमें कंपनी ने 10 करोड़ डॉलर (करीब 6.5 अरब रुपए) के शेयर बायबैक किए थे। यह देश में किसी प्राइवेट कंपनी की तरफ से इस तरह का सबसे बड़ा बायबैक प्रोग्राम था। इसमें कंपनी के 3,000 मौजूदा और पूर्व अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। 

Supreet Kaur

Advertising