भारत के साथ व्यापार युद्ध गहराने की आशंकाः चीनी मीडिया

Monday, Aug 14, 2017 - 04:19 PM (IST)

बीजिंगः चीन के सरकारी मीडिया ने आज कहा कि भारत व चीन के बीच व्यापार युद्ध की आशंका गहराती नजर आ रही है। मीडिया का कहना है कि डोकलाम में सैन्य गतिरोध के बीच भारत ने 93 चीनी उत्पादों पर डंपिंगरोधी शुल्क लगा दिया है। चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी के मुखपत्र में एक आर्टिकिल में चीन की कंपनियों से ‘भारत में निवेश करने के जोखिमों पर पुर्निवचार’ करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही इसमें भारत को आगाह किया गया है कि वह ‘अपने इन खराब फैसलों के संभावित परिणामों’ का सामना करने को तैयार रहे।

भारत ने 93 चीनी प्रोडक्ट्स पर लगाई एंटी डंपिंग ड्यूटी
आर्टिकिल के अनुसार चीन भारतीय उत्पादों पर प्रतिबंध लगाते हुए आसानी से बदले की कार्रवाई कर सकता है। चीन स्थित भारतीय दूतावास के आंकड़ों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन को भारतीय निर्यात सालाना आधार पर 12.3 प्रतिशत घटकर 11.75 अरब डॉलर रहा जबकि चीन से भारत का आयात दो प्रतिशत बढ़कर 59 अरब डॉलर हो गया है। इस तरह से द्विपक्षीय व्यापार घाटा 47 अरब डॉलर भारत के प्रतिकूल है। आर्टिकिल में कहा गया है‘ चीन व भारत के बीच व्यापार युद्ध की आशंका गहराती नजर आ रही है क्योंकि भारत ने पिछले बुधवार को चीन के 93 उत्पादों पर डंपिंगरोधी शुल्क लगा दिया।’ इसमें कहा गया है,‘अगर भारत वास्तव में चीन के साथ व्यापार युद्ध शुरू करता है तो निसंदेह चीन के आर्थिक हितों पर असर होगा लेकिन भारत के लिए भी प्रतिकूल परिणाम होंगे।’ 

Advertising