फेसबुक इंडिया के MD उमंग बेदी ने दिया इस्तीफा, संदीप भूषण ने संभाली कमान

Wednesday, Oct 11, 2017 - 03:38 PM (IST)

नई दिल्लीः फेसबुक इंडिया के प्रबंध निदेशक (MD) उमंग बेदी ने इस्तीफा दे दिया है. उन्हें साल 2016 के जून में नियुक्त किया गया था। उनकी जगह पर संदीप भूषण को अंतरिम MD नियुक्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक, फेसबुक के भारत में 20.1 करोड़ एक्टिव यूजर्स हैं। बेदी ने यह पद किर्तिगा रेड्डी के अमरीका लौटने के बाद संभाला था। रेड्डी फिलहाल कंपनी के कैलिफरेनिया स्थित मुख्यालय में नई भूमिका संभाल रही हैं। बेदी ने पुणे विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया था। वह हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के भी छात्र रहे हैं।

बेदी ऑफिशियल तौर पर फेसबुक के साथ साल 2016 के जुलाई में जुड़े थे। फेसबुक देश में 12 भाषाओं में उपलब्ध है और भारत में उपलब्ध 80% से ज्यादा एप फेसबुक से एकीकृत हैं। बेदी ने हाल ही में राजधानी में आयोजित फेसबुक के एक कार्यक्रम में कहा था कि भारत सहित एशिया में स्थानीय रूप से इंटरनेट से संबंधित इंटरनेट बनाने में सबसे बड़ी चुनौती स्थानीय सामग्री, स्थानीय भाषाएं और स्थानीय जागरुकता है, ताकि हम अंग्रेजी से बाहर निकलकर फेसबुक को स्थानीय रूप से उपभोक्ताओं के लिए प्रासंगिक बना सकें।

Advertising