निर्यातकों ने बजट का किया स्वागत, विनिर्माण पर ध्यान देने से निर्यात को मिलेगी गति

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 05:52 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः आम बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए निर्यातकों ने कहा कि कंटेनर उत्पादन के लिए योजना और सीमा शुल्क के युक्तिकरण जैसी कई घोषणाएं घरेलू विनिर्माण और देश के निर्यात को बढ़ावा देने में मददगार साबित होंगी। निर्यातकों ने कहा कि वैश्विक व्यापार में तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार की चुनौतियों के बीच बजट प्रस्तावों से घरेलू उद्योग को काफी सहारा मिलेगा। उद्योग निकाय सीआईआई की निर्यात संबंधी राष्ट्रीय समिति के चेयरमैन और पैटन इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय बुधिया ने कहा कि आम बजट 2026-27 देश की वृद्धि क्षमता को उजागर करने वाला एक सकारात्मक संकेत है। 

उन्होंने कहा, ''विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी कंटेनर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए प्रस्तावित 10,000 करोड़ रुपए की योजना एक समय पर लिया गया रणनीतिक फैसला है।'' परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) के चेयरमैन ए शक्तिवेल ने भी कहा कि सीमा शुल्क से जुड़े सुधारों और सरल दस्तावेजीकरण प्रक्रियाओं से लेनदेन की लागत कम होगी और निर्यातकों के लिए व्यापार करने में आसानी होगी। 

शक्तिवेल के अनुसार विश्वसनीय आयातकों की पहचान, कम कार्गो सत्यापन और इलेक्ट्रॉनिक सीलिंग का उपयोग करके फैक्ट्री से बंदरगाह तक निपटान जैसे उपायों से लॉजिस्टिक लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी। स्वास्थ्य क्षेत्र की घोषणाओं पर टिप्पणी करते हुए कैरिंग माइंड्स इंटरनेशनल की संस्थापक मीनू बुधिया ने बजट में 'निमहंस 2.0' की स्थापना सहित विशिष्ट देखभाल तक पहुंच बढ़ाने के प्रस्ताव का स्वागत किया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News