इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश फरवरी में 2,522 करोड़ रुपए

Monday, Mar 07, 2016 - 01:37 PM (IST)

नई दिल्ली: इक्विटी म्यूचुअल फंड में फरवरी के दौरान 2,522 करोड़ रुपए का निवेश हुआ। पिछले 21 महीने में यह सबसे न्यूनतम स्तर है जिसका कारण शेयर बाजारों में कमजोर रूख का होना है। यह लगातार तीसरा महीना है जब स्थानीय इक्विटी म्यूचुअल फंड में पूंजी प्रवाह घटा है।  

 

एसोसिएशन आफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया के आंकड़ों के अनुसार इक्विटी योजनाओं में पिछले महीने 2,522 करोड़ रुपए की पूंजी आई जो जनवरी और दिसंबर में क्रमश: 2,914 करोड़ रुपए तथा 3,644 करोड़ रुपए थी। मई 2014 के बाद निवेश का यह न्यूतम स्तर है। उस समय इक्विटी म्यूचुअल फंड में 2,022 करोड़ रुपए का निवेश आया था। वर्ष 2015 में इक्विटी म्यूचुअल फंड में औसत मासिक प्रवाह 7,550 करोड़ रुपए था।  

 

बाजार विश्लेषकों के अनुसार इक्विटी और इक्विटी से जुड़ी बचत योजनाओं में निवेश में कमी का कारण घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रूख का होना है। तेल कीमतों में लगातार गिरावट के साथ वैश्विक नरमी की आशंका से बाजारों में गिरावट आई।  पिछले महीने 30 शेयरों वाला बंबई शेयर बाजार का सूचकांक 7.51 प्रतिशत नीचे आया। 

Advertising